अक्षय कुमार जल्द ही आगामी मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म 'कटपुतली' में आयेंगे नज़र
(बॉलीवुड डेस्क): बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार जल्द ही आगामी मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म 'कटपुतली' में दिखाई देंगे, जो 2 सितंबर को डिजिटल रूप से रिलीज होने वाली है। अक्षय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जानकारी देते हुए फिल्म का टीजर भी शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए अक्षय ने लिखा, 'ये पावर नहीं, माइंड गेम है...और इस गेम को सुलझाने आ रहे हैं इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर अर्जन सेठी।' इस फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'खिलाड़ी' को लेकर भी बात की। अक्षय कुमार ने कहा, "मैंने हमेशा खुद को फिर से आविष्कार करने और जो पहले से हो चुका है उससे ऊपर उठने में विश्वास किया है। 'खिलाड़ी' मेरे लिए एक से अधिक मायनों में एक विशेष फिल्म थी, एक थ्रिलर जिसने मेरी जिंदगी बदल दी और फिल्मों में मेरी पहचान स्थापित की।" अभिनेता ने कहा कि, इन सभी वर्षों में वह थ्रिलर शैली में अकल्पनीय तत्व के साथ एक स्क्रिप्ट की तलाश करते रहे। "अब यह फिल्म 'कटपुतली' मेरे पास आई और मुझे पूरी तरह से रोमांचित कर दिया! पूजा एंटरटेनमेंट और रंजीत के साथ फिर से काम करना एक खुशी की बात है।" रहस्यों से भरा हुआ और एक सीरियल किलर के मनोविज्ञान को रोकने की एक अविश्वसनीय यात्रा की यह कहानी है। अक्षय की यह फिल्म रंजीत तिवारी द्वारा निर्देशित साउथ फिल्म रत्सासन की हिंदी रीमेक है। फिल्म में अक्षय के ऑपोजिट एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह हैं। खास बात यह है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी हॉटस्टार पर 02 सितंबर को रिलीज होगी।







