कनाडा/देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन के 65 वें सम्मेलन का कनाडा हेलीफैक्स, नोवा स्कोटिया में आगाज हुआ| सम्मेलन का शुभारंभ कनाडा की गवर्नर-जनरल मैरी साइमन ने किया| सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने उत्तराखंड की पहचान ब्रह्मकमल पहाड़ी टोपी पहन कर प्रतिभाग किया| सम्मेलन में भारत का नेतृत्व सीपीए इंडिया रीजन के अध्यक्ष व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा किया गया| इस दौरान इंडिया रीजन से सभी राज्यों के विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी मौजूद रहे|

सम्मेलन से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा इंडिया रीजन के सभी सदस्यों के साथ बैठक की गई| जिसमें सीपीए सम्मेलन के दौरान होने वाली कार्यशाला में चर्चा के विषयों पर भारत का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व एवम पक्ष रखने के लिए रणनीति बनाई गई| इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने सम्मेलन से संबंधित सभी विषयों पर चर्चा की|

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषणने कहा कि विश्व पटल पर उत्तराखंड की पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने ब्रह्मकमल पहाड़ी टोपी पहन कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया, साथ ही यह टोपी सभी के आकर्षण का केंद्र भी रही| उनके द्वारा कई विदेशी प्रतिनिधियों को टोपी भेंट भी की गई| विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सम्मेलन में चर्चा होने वाले सभी विषय पर वह बेबाक अपनी बात को रखेंगी| उन्होंने अवगत किया है की सम्मेलन में कोविड महामारी की प्रतिक्रिया से लेकर जलवायु परिवर्तन से निपटने और संसद के लिए सुलभता और प्रौद्योगिकी के लिए सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने और लिंग संवेदनशील विधानमंडलों के निर्माण विषय पर विभिन्न कार्यशालाओं के दौरान चर्चा की जानी है|