अंकिता हत्याकांड में धामी सरकार का एक्शन, मामले में एसआईटी का गठन
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): अंकिता हत्याकांड को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है. इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया है. यह निर्देश सीएम ने दिया है. बता दें कि राज्य आपदा मोचन बल यानी SDRF को चीला नहर के पास पीड़िता का शव मिला था. आरोपियों ने पीड़िता की हत्या कर चीला नहर में उसका शव फेंक दिया था. शव मिलने के बाद अंकिता के परिजनों को बुलाया गया जिन्होंने उसकी पहचान की. मामले में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज बेटी अंकिता का शव बरामद कर लिया गया। इस हृदय विदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक पी. रेणुका देवी के नेतृत्व में SIT का गठन कर इस गंभीर मामले की गहराई से जांच के भी आदेश दे दिए हैं। आरोपियों के गैर कानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर बुल्डोजर द्वारा कार्रवाई भी कल देर रात की गई है। हमारा संकल्प है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कौन थी अंकिता: अंकिता भंडारी पौड़ी जिले के पट्टी नादलस्यूं में श्रीकोट गांव की रहने वाली थी. वो बीजेपी नेता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी. 19 साल की अंकिता 19 सितंबर से लापता थी. उसके पिता ने 19 सितंबर को राजस्व पुलिस चौकी उदयपुर तल्ला में मुकदमा दर्ज कराया था.
पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है. पुलिस ने पुलकित आर्य को अंकिता की हत्या के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था. कोर्ट ने पुलकित समेत तीन लोगों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है.
#cmpushkarsinghdhami , #ankitamurder, #ankitahatyakand ,







