खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर सोमवार को गोरखपुर के जंगल कौड़िया के रसूलपुर चकिया में 10.16 करोड़ रुपये की लागत से बने महंत अवैद्यनाथ स्टेडियम और महंत अवैद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय में 5.80 करोड़ रुपये से निर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर प्रदेश के शक्ति एवं सामर्थ्य का प्रदर्शन करते है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार हर गांव में खेल के मैदान, हर विकास खंड में स्टेडियम और पर्याप्त संख्या में स्पोर्ट्स कॉलेज बनवाने तथा बड़े पैमाने पर खेल सुविधाओं को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है। नवनिर्मित स्टेडियम परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालय और स्टेडियम विकास के कई आयामों समेत राष्ट्रीय शिक्षा नीति से जुड़ने और खेलों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। उन्हाेंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार बिना भेदभाव समाज के हर तबके को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से जनसेवा के विभिन्न आयामों को लेते हुए सेवा पखवाड़ा शुरू किया गया है। इसी क्रम में 25 सितंबर को अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई और यह सेवा पखवाड़ा महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर तक चलेगा।