खरड़ निवासी बीएसएफ़ जवान अमित कुमार ड्यूटी के दौरान शहीद
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): मुजफ़्फ़ऱनगर के गांव खरड़ निवासी बीएसएफ़ के जवान अमित कुमार ड्यूटी के दौरान शहीद हो गये, पश्चिमी बंगाल की भागीरथी नदी में नाव से गश्त करते समय नाव पलटने से हादसा हो गया था, जिसमें वह नदी की धारा में बह जाने के कारण शहीद हो गए थे, उनका पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव खरड लाया गया, जहां शहीद अमित कुमार के शव को देखकर गांव वालों की आंख नम हो गयी। शहीद अमित के शव को जहां सेना के जवानों द्वारा अंतिम सलामी दीं गयी, वहीं यूपी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहीद के गांव पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया। जनपद के गांव खरड़ निवासी बीएसएफ के जवान अमित कुमार पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का इलाके में तैनात थे, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सीमा पार से हो रही गतिविधियों को रोकने के क्रम में ड्यूटी दे रहे थे। जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान उनकी नौका का संतुलन बिगडऩे के कारण तेज गति से बह रही भागीरथी नदी में पलट गई। इस हादसे में बीएसएफ का जवान अमित कुमार नदी के तेज बहाव में बह गया था। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल व बीजेपी पूर्व विधायक उमेश मलिक सहित भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत और किसान नेता धर्मेंद्र मलिक ने उनको श्रद्धांजलि देते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए व परिवार को सांत्वना दी। क्षेत्र के हजारों लोगों ने नम आँखों से भारत माता के जयकारों के बाद शहीद का अंतिम संस्कार किया।







