(स्पोर्ट्स डेस्क) : रविवार को पर्थ में टी20 विश्व कप के सुपर 12 मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 5 विकेट से मात दी, दक्षिण अफ्रीका की टीम सुपर 12 दौर में ग्रुप 2 की प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 133 रनों के स्कोर पर रोक दिया था. भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने सिर्फ 134 रनों का टारगेट रखा. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 137 रन बनाते हुए ये मैच जीत लिया.  सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 मैच में 9 विकेट पर 133 रन ही बना पाया. भारत ने पांच विकेट 49 रन पर गंवा दिए थे, जिसके बाद सूर्यकुमार ने 40 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और छह चौके शामिल हैं. दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एनगिडी ने 29 रन देकर चार विकेट और वेन पार्नेल ने 15 रन देकर तीन विकेट लिए. सूर्यकुमार को छोड़कर कोई भी अन्य भारतीय बल्लेबाज ऑप्टस स्टेडियम की तेज और उछाल वाली पिच से सामंजस्य नहीं बिठा पाया और ऐसे में रोहित शर्मा का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित हो गया.