लखनऊ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के तहत चयनित 100 शोधार्थियों को टैबलेट वितरित किए। योगी सरकार ने प्रदेश के 826 ब्लॉकों में से 100 ब्लॉकों को आकांक्षात्मक ब्लॉक की श्रेणी में रखा है। इन ब्लॉकों में सरकार की योजनाएं धरातल पर कैसे उतरें और जरूरत के अनुरूप योजनाएं बनाने के लिए यह शोधार्थी सरकार को सुझाव देंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है।लगभग 25 करोड़ की जनसंख्या वाला राज्य है। यहां की 75 प्रतिशत जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रह रही है। यह शोधार्थी 100 आकांक्षात्मक क्षेत्रों में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के 112 आकांक्षात्मक जिलों में आठ उत्तर प्रदेश में हैं। इन जिलों के विकास के लिए वहां विशेष ध्यान दिया गया। हमारी प्रशासनिक टीम ने अच्छा काम किया है। देश के टॉप टेन में पांच जिले यूपी के आये हैं। टॉप 20 में यूपी के आठों आकांक्षात्मक जिले आये हैं।