खतौली उपचुनाव: भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी सैनी ने किया नामांकन
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : खतौली सीट पर हो रहे उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी ने कचहरी परिसर में निर्वाचन अधिकारी एसडीएम खतौली जीत सिंह राय के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उपचुनाव में कुल 14 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला भी मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन के लिये प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक खतौली पहुंचे और चुनाव को लेकर उन्होंने आर्यन बैंकट हॉल में भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि जैसे मां दुर्गा ने सभी असुरों को परास्त कर उनका विनाश किया था, वैसे ही खतौली चुनावी मैदान में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी बाहुबली का दमन करेगी और पिछले चुनाव में मिले वोटों से दोगुने मत हासिल करेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशी को अभूतपूर्व बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।
#khabarnewindia ,







