(स्पोर्ट्स डेस्क): भारतीय पुरूष हॉकी टीम के विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद मुख्य कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया है जिसे हॉकी इंडिया ने स्वीकार कर लिया। हॉकी इंडिया ने सोमवार को इसकी पुष्टि की और कहा कि रीड ने विश्व कप के समापन के एक दिन बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।घरेलू सरज़मीन पर लगातार दूसरी बार हुए पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत ने नौवां स्थान हासिल किया था।

विश्व कप में भारतीय टीम ने किया निराशाजनक प्रदर्शन 

भारत ने पूल-D में अपने शुरुआती मैच में स्पेन को 2-0 से हराया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ खेला। मेजबान टीम ने पूल-D में दूसरे स्थान पर रहते हुए वेल्स को 4-2 से हराया। अपने पूल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहने के बाद भारत ने क्रॉसओवर मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना किया, जहां उसे शूटआउट में 4-5 (फुल टाइम 3-3) से हार मिली थी। 

रीड को अप्रैल 2019 में मुख्य कोच के पद पर नियुक्त किया गया था। भारत ने उनकी अगुवाई में टोक्यो ओलंपिक 2021 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। इसके अलावा भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भी रजत पदक लाने में कामयाब रही थी। ऑस्ट्रेलिया के 58 साल के रीड के अलावा विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बरटन ने भी त्यागपत्र दे दिया है।

हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान की बात- रीड  

रीड ने भारतीय टीम के साथ अपने कार्यकाल के बारे में कहा, "टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है और मैंने इस शानदार यात्रा के हर पल का आनंद लिया है। मैं इसके लिए टीम को शुभकामनाएं देता हूं।"रीड के साथ-साथ विश्लेषणात्मक कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बर्टन ने भी सोमवार को अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

#HeadcoachGrahamReidresigns,