(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया के युवा ओपनर शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार शतकीय पारी खेली. इस युवा ओपनर ने 63 गेंदों पर नाबाद 126 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 7 छक्के जड़े. गिल ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को चारों ओर पीटते हुए अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी. उन्होंने महज 63 गेंद में 12 चौके और सात छक्के जमाये जिससे भारत ने चार विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. गिल का भारतीय बल्लेबाजों में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे बड़ा स्कोर भी है. गिल ने इस मामले में पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ा. कोहली ने पिछले साल अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन की पारी खेली थी, अब गिल ने कीवी टीम के खिलाफ अहमदाबाद में 126 रन की पारी खेलकर किंग कोहली के इस खास रिकॉर्ड को तोड़ दिया. गिल के शतक ने साबित कर दिया है कि वो आने वाले समय में भारत के सबसे बड़े बल्लेबाज की श्रेणी में पहुंच जाएंगे. 

शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा, ‘जब आप अभ्यास करते हैं और इसका फल मिलता है, तो अच्छा लगता है. टीम के लिए अच्छी पारी खेलकर बहुत खुश हूं. छक्के मारने के लिए सबकी अपनी तकनीक होती है.’ उन्होंने कहा, ‘हार्दिक भाई ने मुझसे कहा कि मैं अपना स्वाभाविक खेल खेलूं और मुझे कुछ अतिरिक्त करने की आवश्यकता नहीं है.’

कोहली ने अपने इंस्टा स्टोरी पर गिल के साथ अपनी तस्वीर शेयर की है और कैप्शन में जो बातें लिखी है उसे अब फैन्स भी मान रहे हैं. दरअसल, गिल को भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार माना जा रहा है. वहीं, अपने पोस्ट में कोहली ने भी गिल को भारत का भविष्य बता दिया है. कोहली ने अपने पोस्ट में लिखा, 'सितारा, द फ्यूचर इज हियर..' यानि कोहली ने गिल को भारत का अगला भविष्य करार दे दिया है. 

#IndiavsNewZealandT20Series, #ShubmanGill, #teamindia,