(स्पोर्ट्स डेस्क): अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बुधवार को ताजा टेस्‍ट रैंकिंग जारी कर दी है। भारत के स्‍टार बल्‍लेबाज विराट कोहली ने लंबी छलांग लगाई है। विराट कोहली ने तीन साल के बाद ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्‍ट में अपने करियर का 28वां शतक जमाया। कोहली ने सात स्‍थानों की लंबी छलांग लगाकर बल्‍लेबाजी रैंकिंग में 13वां स्‍थान हासिल किया। रविचंद्रन अश्विन ने इंग्‍लैंड के तेज गेंदबाज जेम्‍स एंडरसन को 10 अंक से पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्‍थान बरकरार रखा है। अश्विन-एंडरसन संयुक्‍त रूप से शीर्ष स्‍थान पर थे, लेकिन अब भारतीय ऑफ स्पिनर आगे निकल गए हैं। ऑलराउंडर्स की बात करें तो रवींद्र जडेजा शीर्ष स्‍थान पर बने हुए हैं। जडेजा ने बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन किया। भारत के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी जबर्दस्‍त फायदा मिला है। बता दें कि भारत के ऋषभ पंत (9वें स्‍थान) और कप्‍तान रोहित शर्मा (10वें स्‍थान) टॉप-10 बल्‍लेबाजों में शामिल हैं।

#ICC Test Rankings,#Virat Kohli, ,