(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का हिस्सा नहीं थे. वहीं, अब इस खिलाड़ी ने भारतीय टेस्ट टीम में वापसी पर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मैंने अब 1 फीसदी ऐसा नहीं किया है कि टेस्ट फॉर्मेट में मेरी जगह बने. अगर आप किसी दूसरे खिलाड़ी की जगह टीम का हिस्सा बनते हैं तो यह नैतिक रूप से ठीक नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए मुझे कड़ी मेहनत करनी होगी. मैं टेस्ट फॉर्मेट के लिए तब तक उपलब्ध नहीं रहूंगा, जब तक मुझे ये नहीं लग जाए कि मैं टीम में जगह पाने का हकदार हूं. गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार्दिक पांड्या भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज में हार्दिक पांड्या भारतीय टीम का हिस्सा होंगे. भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा निजी वजहों से पहले वनडे मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. बहरहाल, रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम के कप्तान होंगे.

#Hardik Pandya, #teamindia, #BCCI,