लखनऊ/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): बिजली कर्मियों की हड़ताल से प्रदेशभर में बिजली का संकट उत्पन्न हो गया है। बिजली कर्मियों की बीते बृहस्पतिवार रात 10:00 से शुरू हुई तीन दिवसीय प्रदेश व्यापी हड़ताल का आम जनता पर असर पड़ना शुरू हो गया है। लखनऊ में लगभग एक चौथाई हिस्से की उपभोक्ताओं की शुक्रवार तड़के बिजली गुल हो गई।  इसके कारण लोगों को पानी संकट से भी रूबरू होना पड़ा। प्रदेश की योगी सरकार इस संकट से निपटने के लिए अतिरिक्त बिजली खरीद रही है, इसके लिए एनटीपीसी ने अपनी परियोजनाओं में विद्युत का उत्पादन बढ़ा दिया है। जिले की ऊंचाहार इकाई ने इससे बंद यूनिट नंबर 6 को तत्काल प्रभाव से चालू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से कर्मचारियों के हड़ताल के बाबत जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाय कि जनसामान्य को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए। अराजकता पैदा करने वाले विद्युत कर्मियों के नाम सूचीबद्ध किए जाए। विद्युत फीडर बंद करने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही किए जाने का भी निर्देश दिया।

#Effect of electricity workers strike,