IND vs AUS: टीम इंडिया ने कंगारुओं को 5 विकेट से दी शिकस्त
(स्पोर्ट्स डेस्क): मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मैच में टीम इंडिया ने कंगारुओं को 5 विकेट से शिकस्त दी. एक समय भारत ने इस मैच में 39 रन पर चार विकेट खो दिए थे. लेकिन केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की सूझबूझ पारी के चलते भारत 5 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रहा. इस जीत के बाद भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केएल राहुल ने बढ़िया पारी खेली. राहुल के बल्ले से 75 रन निकले. उन्होंने इस पारी में 7 चौके और 1 छक्का भी लगाया. टेस्ट सीरीज के बाद केएल राहुल के बल्ले से पहली बार अच्छी पारी निकली है. रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई में खेले गए पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन किया. जडेजा ने गेंद, बल्ले और फील्डिंग तीनों में ही बेहतरीन खेल दिखाया. जडेजा ने पहले गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए इतना ही नहीं उन्होंने फील्डिंग करते हुए भी बेहतरीन कैच लपके. दूसरी पारी में भी जडेजा ने 45 रनों की नाबाद पारी खेली. जिसकी वजह से टीम को 5 विकेट से जीत हासिल की.
मुंबई के वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की. बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 5 रन के स्कोर पर गिर गया. उसके बाद स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को इस झटके से उबारा. स्मिथ 22 रन बनाकर आउट हुए. मिचेल मार्श को अगर छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी कंगारू बल्लेबाजों ने निराश किया. मार्श 81 रन बनाकर आउट हुए. पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.4 ओवर में 188 रन पर ढेर हो गई. भारत की तरफ से बेहतरीन बॉलिंग करते हुए मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिए. वहीं रवींद्र जडेजा को 2 विकेट मिले. बाद में भारत ने 189 रन का टारगेट 5 विकेट नुकसान पर 39.5 ओवर में हासिल कर लिया.
#IND vs AUS, #Ravindra Jadeja, #KL Rahul,







