IND vs AUS: तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने किया पलटवार टीम इंडिया को 9 विकेट से रौंदा
(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया इंदौर के होलकर स्टेडियम में खुद अपने ही जाल में फंस गई. ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाजों ने इंदौर की टर्निंग पिच का जमकर फायदा उठाया और टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप को दोनों ही पारियों में तहस-नहस करके रख दिया. इंदौर में टीम इंडिया के साथ कुछ ऐसा हुआ, जो किसी ने भी नहीं सोचा होगा. तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पलटवार करते हुए टीम इंडिया को 9 विकेट से हरा दिया है. हालांकि चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर सीरीज में टीम इंडिया ने 2-1 से अपराजेय बढ़त बना रखी है. ऑस्ट्रेलिया के लिए अब इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को हराना तो मुमकिन नहीं होगा, लेकिन अब कंगारुओं के लिए 2-2 से सीरीज बराबर करने का रास्ता भी खुल गया है. इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए महज 76 रनों का टारगेट था, जिसे उसने महज एक विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया. टीम इंडिया ने इंदौर में ऑस्ट्रेलिया को मात देने के लिए जो 'टर्निंग पिच' का जाल बुना था, उसमें वह खुद फंस गई और 9 विकेट से मैच हार गई. रोहित ब्रिगेड की सारी 'प्लानिंग' धरी रह गई. चौथा और आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी दोनों ही पारियों में बुरी तरह से फ्लॉप रही, ओपनिंग से लेकर मिडिल आर्डर के क्रम के किसी भी बल्लेबाज़ ने टिक कर बल्लेबाज़ी नहीं की, हालांकि पुजारा ने दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया था लेकिन वो टीम के जीत के लिए काम न आ सकी. टीम इंडिया की ओपनिंग साझेदारी भी फेल रही कप्तान रोहित शर्मा ने केएल राहुल की जगह शुबमन गिल को टीम में शामिल किया लेकिन गिल का बल्ला भी दोनों ही पारियों में खामोश रहा.
#IND vs AUS 2023, #IND vs AUS, 3rd Test,







