देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा ने प्रेस वार्ता कर आय से अधिक संपत्ति के आरोपों पर कांग्रेस पर पलटवार किया हैं, मेयर सुनील उनियाल गामा ने साफ कहा कि चुनाव के दौरान हलफनामे में उन्होंने जो संपति दिखाई, उसको लेकर सवाल खड़े किए गए। महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि नगर निगम की संपत्तियों को किसी को नहीं बेचा जाएगा, बल्कि नगर निगम की संपत्ति की उन्होंने रक्षा की है। उन्होंने कहा, मैंने 18 साल की उम्र से काम शुरू किया, पान की दुकान चलाई, चाऊमीन बेची, वीडियो ग्राफी का काम किया। वीडियो लाइब्रेरी चलाई, ठेकेदारी की। इसके बाद 2012 तक कुछ संपत्तियां हमने लीं। मेरी ठेकेदारी अच्छी चलती थी। मैं बी केटेगरी का ठेकेदार था। लेकिन नगर निगम बनने के बाद मैंने निकाय में ठेकेदारी छोड़ दी। मेयर बनने के बाद मैंने अपने तमाम लाइसेंस भी निरस्त करवा दिए थे। मेयर ने कहा, 2012 के बाद मैंने कुछ संपत्तियां खरीदीं। मैंने 2017 में अपने चुनावी घोषणापत्र में ढाई करोड़ तक की संपत्तियां मैंने चुनावी घोषणा पत्र में दिखाई थीं। उनमें से मैंने अपनी कई संपत्तियां बेचीं और संपत्तियों की दरें बढ़ीं, जिसका केवल मुझे ही नहीं, सबको फायदा हुआ। जब मैंने कुछ संपत्तियां बेची हैं, तो कुछ खरीदी भी हैं।

मेयर सुनील उनियाल गामा ने दावा किया कि उनके पास अवैध रूप से अर्जित कोई संपत्ति नहीं है और न ही उन्होंने महापौर बनने के बाद कोई अवैध कार्य किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में उन्होंने शहर में कुछ संपत्ति खरीदी थी, जिसे बेचकर नई संपत्ति खरीदी। इसके अलावा उनके आवासीय परिसर की कीमत में भी पिछले कुछ वर्षों में वृद्धि हुई है। चुनाव के दौरान घोषित की गई संपत्ति का मूल्य वर्तमान में कई गुना बढ़ा है, लेकिन यह शहर में सभी संपत्तियों के साथ हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी नौकरी करती हैं, बेटी भी लंदन में नौकरी कर रही है। जबकि, पुत्र एमटेक की पढ़ाई पूरी कर अपना व्यवसाय कर रहा है।मेयर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोई भ्रष्टाचार न होने से विरोधी खेमा बौखला गया है। उनके पास आमजन से जुड़े मुद्दे नहीं रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ही उन्हें प्रेस कांफ्रेंस कर विरोधियों को जवाब देने का सुझाव दिया। मेयर ने दावा किया कि दून में नगर निगम की भूमि व संपत्ति पर किसी प्रकार का कब्जा या कोई गलत कार्य नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान राजपुर रोड विधायक खजानदास और भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ ही कई भाजपा नेता भी उपस्थित थे।

#Mayor Sunil Uniyal Gama, #dehradunnagarnigam, #dehradunews, #uttarakhandnews, #dehradun ,