सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मोहिउद्दीनपुर में डिस्टलरी, अमरोहा में चीनी मिल विस्तार को मिली मंजूरी
लखनऊ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये बैठक में ऊर्जा, नगर विकास और लोकनिर्माण विभाग समेत अन्य विभागों से जुड़े आये प्रस्तावों पर मुहर लगी है। मेरठ की मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल में शीरे की आसवानी की स्थापना होगी। इसके अलावा अमरोहा की गजरौला चीनी मिल की क्षमता का विस्तार होगा। प्रदेश सरकार सहकारी चीनी मिलों की क्षमता वृद्धि के लिए गंभीर है। मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल की क्षमता वृद्धि पहले की जा चुकी है। अब यहां डिस्टलरी लगाने पर तेजी से काम करने की तैयारी है। किसान सहकारी चीनी मिल्स लि., गजरौला, जिला अमरोहा की पेराई क्षमता 2500 टीसीडी से बढ़ाकर 4900 टीसीडी किये जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगी। सल्फरलेस रिफाइण्ड शुगर मिल, केन जूस-बी हैवी-सी हैवी फीड स्टाक पर 100 किली. प्रतिदिन एथेनाल उत्पादन की हाइब्रिड आसवनी एवं प्रेसमड से कम्प्रेस्ड बॉयो गैस (सीबीजी) उत्पादन के लिए 100 टीपीडी प्लाण्ट की स्थापना के संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण एवं गतिशीलता नीति, 2022 के प्राविधानों एवं क्रेताओं को इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण के शुल्क में छूट प्रदत्त किये जाने के प्रयोजनार्थ उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली, 1998 के नियम-50 में संशोधन हेतु उत्तर प्रदेश मोटर यान (तीसवां संशोधन) नियमावली, 2023 के प्रख्यापन के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। प्रदेश के समस्त वाहनों को किसी भी जनपद में स्वस्थता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करने के लिए उप्र मोटर यान नियमावली, 1998 के नियम 39 में संशोधन का प्रस्ताव अनुमोदित कर दिया गया है। मंत्रिपरिषद ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों, आवासीय छात्रावास योजना एवं स्पोर्ट्स कॉलेजों के अन्तर्गत पंजीकृत लगभग 11 हजार खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान में सम्मिलित करने एवं उनके उपचार पर प्रतिवर्ष खर्च होने वाली धनराशि 05 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा अनुमन्य कराए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। इसके आलावा भी सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी ।
#cmyogi, #upnews,







