Kisan Mahapanchayat: किसान नेताओं ने केंद्र सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
नई दिल्ली,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): दिल्ली के रामलीला मैदान में संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को महापंचायत की। किसानों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग को लेकर किसान एक बार फिर सड़कों पर आने की तैयारी कर रहे हैं। किसानों ने ऐलान किया है कि 20 दिन बाद दिल्ली में एक बड़ा आंदोलन करेंगे। किसान नेताओं ने केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 2024 के चुनाव में सभी पार्टियों को किसानों के रोष का सामना करना पड़ेगा। साथ ही कहा कि किसानों को अगर महापंचायत में जाने से पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। किसान नेताओं ने कहा कि बिना आंदोलन के सरकार एमएसपी नहीं देगी। दिल्ली के रामलीला मैदान में चल रही सयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आंदोलन करने पड़ेंगे किसानों की जमीनें छीनी जा रही है। हमको अपने स्टेट में आंदोलन करने पड़ेंगे, गांव में कमेंटिया बनानी पड़ेगी, गांव में कमेटिया नहीं बनेगी तो जहां भीड़ को बुलाना है वहां भीड़ नहीं आएगी। राकेश टिकैत ने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि उनसे कटाक्ष किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने मुलाकात के दौरान कहा कि आप आंदोलन करते रहो। सरकार बातचीत करती रहेगी। किसान नेता ने कहा कि बेरोजगारी बढ़ रही है। किसान की फसल का लाभकारी दाम तय नहीं हो रहा, लेकिन इन समस्याओं का रास्ता आंदोलन से ही निकलेगा।
#Rakesh Tikait, #Kisan Mahapanchayat, #Delhi Kisan Andolan, #SKM, ,







