(स्पोर्ट्स डेस्क): मुंबई इंडियन ने सनराइजर्स हैदराबाद को उसी के होम ग्राउंड में 14 रनों से हरा दिया है. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल करियर का पहला विकेट लिया. उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को महज 2 रनों के स्कोर पर आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया. मुंबई टीम के ताबड़तोड़ बल्लेबाज कैमरन ग्रीन ने 33 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी है. उन्होंने 40 गेंदों पर 64 रन बनाए. ग्रीन ने अपनी पारी में 2 छक्के और  6 चौके जमाए. सनराइजर्स के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। मयंक अग्रवाल ने 41 गेंद पर सर्वाधिक 48 रन बनाए। हेनरिच क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। एडेन मार्करम ने 22, मार्को यानसेन ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाए। हैरी ब्रूक नौ, राहुल त्रिपाठी सात और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर आउट हुए। अब्दुल समद से आखिरी ओवरों में टीम को विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंद पर नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।

#Arjun Tendulkar, #IPL 2023, #SRH vs MI, #Sunrise Hyderabad, #Mumbai Indians,