Karnataka Exit Polls: एग्जिट पोल में कांग्रेस के सबसे बड़े दल के तौर पर उभरने का अनुमान!
नई दिल्ली ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): कर्नाटक में बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने का अनुमान जताया जा रहा है. राज्य के चुनाव में लगभग 65.69 प्रतिशत वोट पड़े. वोटिंग के बाद विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने का अनुमान लगाया गया है. मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ‘एग्जिट पोल' को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी स्पष्ट बहुमत से जीतेगी. बोम्मई ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र शिग्गांव में संवाददाताओं से कहा, एग्जिट पोल एग्जिट पोल होते हैं. वे 100 फीसदी सही नहीं हो सकते. पूरा परिदृश्य बदल सकता है. हमारी ग्राउंड रिपोर्ट कहती है कि हम पूर्ण बहुमत से जीतेंगे. 13 मई तक प्रतीक्षा करें. बता दें कि कर्नाटक चुनाव वोटिंग समाप्त हो चुकी है और इसके परिणामों की घोषणा 13 मई को होगी. इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और “लोकतंत्र के त्योहार” को समृद्ध बनाने का आग्रह किया था . पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कर्नाटक के लोगों से प्रगतिशील और “40-प्रतिशत-कमीशन-मुक्त” सरकार बनाने के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की थी.
- ‘एबीपी न्यूज’ और ‘सी वोटर’ के एग्जिट पोल में संभावना जताई गई है कि कांग्रेस को 100 से 112 सीटें मिल सकती हैं तथा भाजपा को 83 से 95 और जद (एस) को 21 से 29 सीटें हासिल हो सकती हैं.
- न्यूज नेशन और पी मारक्यू के एग्जिट पोल के अनुसार, कर्नाटक में भाजपा को 114 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 86 सीटें मिलने की संभावना है. वहीं, जेडीएस को 21 सीटें मिलने की संभावना है.
- टीवी9 भारतवर्ष और पोलस्ट्रैट एग्जिट पोल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा पिछड़ती दिख रही है. इस सर्वे में कांग्रेस को 99 से 109 सीटें, भाजपा को 88से 98 सीटें, जेडीएस को 21-26 सीटें मिलती दिख रही हैं.
- रिपबल्कि और पी मारक्यू के एग्जिट पोल के अनुसार, कर्नाटक में भाजपा को 85 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 94 से 108 सीटें मिलने की संभावना है. वहीं, जेडीएस को 24-33 सीटें मिलने की संभावना है. वहीं अन्य के खाते में दो से छह सीटें जा सकती हैं.
- जी न्यूज के एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस को कर्नाटक में 41 फीसदी वोट मिल सकते हैं और वो राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है, जबकि बीजेपी को 33 फीसदी वोट मिल सकते हैं.
#KarnatakaElectionExitPoll2023,#KarnatakaPollsofExitPolls, #KarnatakaAssemblyElections2023,







