(स्पोर्ट्स डेस्क) : आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. गुजरात टाइटंस ने पिछली बार राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस बार फाइनल में उसके सामने चार बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स होगी। बारिश के कारण टॉस 45 मिनट की देरी से हुआ। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 233 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 18.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने सर्वाधिक 129 रन बनाए। उन्होंने 60 गेंद की पारी में सात चौके और 10 छक्के लगाए। गिल का चार मैचों में यह तीसरा शतक है। कप्तान हार्दिक पंड्या ने आखिरी ओवरों में 13 गेंदों पर नाबाद 28 रन का योगदान दिया. मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कैमरन ग्रीन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। सूर्यकुमार ने 38 गेंद पर सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। उन्होंने सात चौके और दो छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 14 गेंद पर 43 रन बनाए। वहीं, कैमरन ग्रीन ने 20 गेंद पर 30 रन का योगदान दिया। गुजरात के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद शमी ने अपने शुरुआती दो ओवरों में रोहित और नेहाल को आउट कर गुजरात को बड़ी सफलता दिलाई। उनके बाद मोहित शर्मा ने पांच विकेट लेकर मुंबई की टीम को ढेर कर दिया। 

#IPL2023,#GujaratTitans,#MumbaiIndians,#NarendraModiCricketStadium#IPL2023Qualifier2,