यूपी निकाय चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की करारी हार बनी चिंता का सबब !
मुज़फ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : यूपी निकाय चुनाव में भाजपा भले ही जीत के बड़े दावे करके दिखा रही हो, लेकिन प्रदेश में 2 दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा सांसदों के निर्वाचन क्षेत्र में निकाय चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। प्रदेश में कुल 91 नगर पालिका परिषद और 191 नगर पंचायतों में पार्टी को जीत मिली है जबकि 108 नगर पालिका परिषद और 353 नगर पंचायतों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पार्टी को निराशा ही हाथ लगी पार्टी को केंद्रीय मंत्री और कद्दावर नेता डॉ संजीव बालियान के इलाके में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। जिले की 2 नगरपालिका परिषदों और आठ नगर पंचायतों में से भाजपा 9 सीट हार गई है, केवल मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा जीतने में सफल रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह की स्थिति भी ठीक नहीं है ,उनके जिले में भी 9 में से बीजेपी केवल एक नगर पालिका परिषद जीत पाई है। जिले में केवल खेकड़ा की नगर पालिका ही भारतीय जनता पार्टी जीत पाई है जबकि बागपत और बड़ौत नगर पालिका समेत छह नगर पंचायत हार गई है। शामली जिले में कैराना, कांधला नगरपालिका और थानाभवन, जलालाबाद, गढ़ी पुख़्ता, एलम, ऊन नगर पंचायत भी भारतीय जनता पार्टी हार गई है। सहारनपुर जिले में भी सरसावा में निर्दलीय, गंगोह में बसपा, ननौता में निर्दलीय ,रामपुर मनिहारान में बसपा, अंबेहटा पीर में रालोद, तीतरों में सपा, बेहट में निर्दलीय और छुटमलपुर में गठबंधन प्रत्याशी विजयी हुए हैं।
#Muzaffarangarnews,#UPNews,#UPBJP,#CMYOGI,







