देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तरकाशी के पुरोला में लव जिहाद मामले पर एक बड़ी जानकारी सामने आ रही  है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने महापंचायत के खिलाफ याचिका ख़ारिज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया है और याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट जाने के लिए कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने तल्ख़ टिपण्णी करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था राज्य सरकार का मसला है, आप सुप्रीम कोर्ट क्यों आये, आपको हाईकोर्ट जाना चाहिए, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आपको प्रशासन पर भरोसा क्यों नहीं है ? आपको क्यों लगता है कि प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं करेगा। दरअसल, 15 तारीख को उत्तरकाशी में बुलाई गई एक बड़ी महापंचायत पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी, याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने से इंकार कर करते हुए याचिकाकर्ताओं को बड़ा झटका दिया हैं। 

यहां नाबालिग लड़की को भगाने की घटना को 18 दिन बीत गए हैं। लेकिन पुरोला में अभी तक हालात सामान्य नहीं हुए हैं। बल्कि 15 जून को होने वाली प्रस्तावित महापंचायत को लेकर मुस्लिम व्यापारियों में डर का माहौल और अधिक बढ़ गया है। पु‍लिस प्रशासन भी इस मामले पर अलर्ट है। नाबालिग हिंदू लड़की को भगाने के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि देवभूमि की शांत फिजाओं में नफरत और सांप्रदायिकता का जहर घुलता चला गया। विरोध, प्रदर्शन, तोड़फोड़, पोस्टरबाजी के बीच अब महापंचायत रोकना पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। दरअसल, 26 मई को पुरोला कस्बे में अचानक यह ''लव जेहाद'' की घटना सामने आई, जिसमें एक मुस्लिम युवक उबैद और एक अन्य युवक जितेंद्र सैनी को स्थानीय लोगों ने 9वीं कक्षा की नाबालिग स्थानीय हिंदू लड़की के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इस घटना के बाद से पुरोला में संप्रदाय विशेष के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने मोर्चा खोल दिया।  पुरोला, बड़कोट, भटवाड़ी में मामले को लेकर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुस्लिम व्‍यापारियों की दुकानों पर धमकी भरे पोस्‍टर चस्‍पा कर दिए और उन्‍हें दुकान खाली करने की धमकी दी। जिसमें लिखा था 15 जून को होने वाली महापंचायत से पहले दुकानें खाली करें। अब 15 जून को महापंचायत बुलाई गई है, जिसे कई संगठनों ने अपना समर्थन दिया है। जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। 

वही इस मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी बयान आया है। उन्होंने कहा है कि राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। सीएम ने कहा- लव जिहाद हो या लैंड जिहाद हो, इस पर हम सख्ती से कार्रवाई करेंगे। सरकार इस पर सख्ती से काम कर भी रही है। उत्तराखंड शांत प्रदेश है। यहां के मूल स्वरूप को हम बिगड़ने नहीं देंगे। यहां कानून व्यवस्था अच्छी है और लोग भाईचारे से रहते हैं। ऐसे में कोई यहां पर कानून व्यवस्था को तोड़ने का प्रयास करेगा तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#Uttarkashi Love Jihad,#Love Jihad,#Love Jihad in Uttarkashi,#cmpushkarsinghdhami,#pushkarsinghdhami,#cmdhami,#dehradunnews,#uttarakhandnews,