खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : गुजरात के तटों की ओर बढ़ रहे भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजॉय बेहद ही खतरनाक रूप ले रहा है। ऐसे में गुजरात के लिए खतरा बढ़ा है. मौसम विभाग ने इससे भारी तबाही की चेतावनी दी है। कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। किसी भी हालात से निपटने के लिए गुजरात और महाराष्ट्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की कई टीमें तैनात की गई हैं। साइक्लोन 15 जून की शाम को जखाऊ पोर्ट के पास तट से टकराएगा. उस समय समुद्री हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. तूफान के चलते कच्छ जिला प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां दो दिन के लिए बढ़ा दी हैं. जिले में 17 जून तक शिक्षण कार्य बंद रहेंगे. बिपरजॉय से निपटने के लिए जामनगर एयरपोर्ट पर तैयारी पूरी कर ली गयी हैं एयरपोर्ट पर काम कर रहे लोगों के लिए किसी भी इमरजेंसी को देखते हुए पर्याप्त खाने की भी व्यवस्था की गई है. इमरजेंसी की स्थिति में एयरपोर्ट को संचालित करने के लिए आवश्यक डीजल और पेट्रोल भी स्टोर किया गया है. 

गुजरात में तूफान से सबसे अधिक कच्छ के प्रभावित होने की संभावना है. कच्छ में समंदर के किनारे एकदम सन्नाटा पसरा हुआ है. तूफ़ान से डरे लोग जल्द से जल्द समंदर से दूर जा रहे हैं. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी इस क्षेत्र में हो रही है.एनडीआरएफ की 19 टीमों को तैनात किया गया है. कुल मिला कर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 30 टीमें तैनात की गईं हैं. बीएसएफ भी आने वाले वक्त की चुनौती के लिए तैयार है.बेहद खतरनाक चक्रवात बिपरजॉय के गुजरात के तटीय शहरों के पास पहुंचने पर भारतीय सशस्त्र बलों ने लोगों को सुरक्षित बचाने का जिम्मा ले लिया है। 

#CycloneBiparjoy,#Cyclone Biparjoy,