(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया के बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल भारत के लिए टेस्ट डेब्यू में शतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं, इस बल्लेबाज ने उम्र 21 साल 196 दिन की उम्र में यह कारनामा किया. कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के शतक की बदौलत भारत ने डोमिनिका टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। यशस्वी जायसवाल वेस्टइंडीज के खिलाफ डोमनिका में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में 350 गेंदों पर 143 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. यशस्वी जायसवाल ने अभी तक अपनी पारी में 14 चौके लगाए हैं. पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने अपना दबदबा बनाया तो वहीं, दूसरा दिन बल्लेबाजों ने अपने नाम किया. पहले यशस्वी जायसवाल और उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ दिए. रोहित का वेस्टइंडीज के खिलाफ यह तीसरा शतक है, जबकि उनके टेस्ट करियर का यह 10वां शतक है. भारत ने खेल समाप्त होने के समय पहली पारी में दो विकेट पर 312 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के पास 162 रन की बढ़त हो गई है। यशस्वी जायसवाल 143 और पूर्व कप्तान विराट कोहली 36 रन बनाकर नाबाद हैं। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के आउट होने के बाद यशस्वी को पूर्व कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 205 गेंद पर 72 रन की साझेदारी की है। 

#Rohit Sharma,#IND vs WI,#Yashasvi Jaiswal,#Yashasvi Jaiswal Century,,