चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर भावुक हुए सीएम धामी, हर संभव मदद का दिया भरोसा
चमोली/देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): सीएम पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चमोली में हुए करंट हादसे में झुलसे पीड़ितों से मिलने गोपेश्वर पहुंचे। मरीजों के मिलने के साथ ही सीएम धामी ने मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी। पुलिस मैदान गोपेश्वर में मुख्यमंत्री ने चमोली हादसे में हताहत होमगार्ड के तीनों जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चमोली पहुंचे। चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सीएम पुष्कर सिंह धामी घायलों से मिलने गोपेश्वर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीजों से हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बहुत हृदयविदारक घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि इस घटना में जो हताहत हुए हैं उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की तरफ से मुआवजा, इलाज आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जायेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। बता दें कि बुधवार को चमोली में बड़ा हादसा हो गया था। नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर करंट फैलने से 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 11 लोग झुलस गए थे। जिसमें से छह को एम्स ऋषिकेश और पांच को गोपेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों से एक -एक कर मिले। उन्होंने सभी को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है, सरकार द्वारा इनकी हर संभव मदद की जाएगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं।

#Chamoli Accident,#Chamoli Hadsa,#cmpushkarsinghdhami,#pushkarsinghdhami,#cmdhami,#dehradunnews,#uttarakhandnews ,







