इस्लामाबाद : चीन के सहयोग से पाकिस्तान लगातार अपनी सैन्य और रणनीति क्षमता को मज़बूत बना रहा है.  पाकिस्तानी वायुसेना अपनी ताकत को बढ़ाने के मद्देनजर अगले महीने के अंत तक अपने बेड़े में जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमानों  के नए मॉडल को शामिल करेगी, जिसे पाकिस्तान ने चीन के साथ विकसित किया  है. यह जानकारी पाकिस्तान के शीर्ष रक्षा अधिकारी ने दी. पाकिस्तानी वायु सेना के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि अगली पीढ़ी के 'जेएफ-17 थंडर ब्लाक-3' विमान 23 मार्च को आयोजित होने वाली सैन्य परेड के अवसर पर ''फ्लाई-पास्ट'' में हिस्सा लेंगे. उन्होंने बताया कि ये विमान इस सीरीज़ के लेटेस्ट वर्जन हैं और इनके उड़ान परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं. हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान विंटर ओलिंपिक खेलों के उद्धाटन के अवसर पर चीन पहुंचे थे. जहां उनकी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात हुई थी. इस अवसर पर चीन और पाकिस्तान ने फिर से एक दूसरे के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी.