दक्षिण कोरियाई राजदूत पर अमेरिका के न्यूयॉर्क में हुआ हमला
न्यूयार्क। बुधवार रात बिना किसी उकसावे के एक अज्ञात व्यक्ति के हमले में अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में दक्षिण कोरियाई राजदूत बुरी तरह घायल हो गए। इस हमले में उनकी नाक की हड्डी टूट गई है। इस घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सवालिया निशान लग गया है और इस घटना ने सब का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के हवाले से गुरुवार को मीडिया रिपोर्टो में बताया गया कि यह घटना मैनहट्टन में बुधवार रात उस समय हुई जब वह राजदूत अपने एक मित्र के साथ सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान हमलावर ने बिना किसी उकसावे के उन पर हमला कर दिया जिसमें उनकी नाक टूट गई। इसके बाद वह हमलावर वहां से पैदल ही भाग गया। न्यूयॉर्क में दक्षिण कोरियाई महावाणिज्य दूतावास के प्रेस अताशे ह्यून-सेउंग चोई, के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा गया है, हम इस मूर्खतापूर्ण और निंदनीय हिंसा की निंदा करते हैं और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मामले के तेजी से निपटारे की मांग करते हैं।







