नई दिल्ली,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): जी-20 समिट की शुरुआत पीएम मोदी के स्वागत भाषण से हो गई है. पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मोरक्को में आए भूकंप के पीड़ितों से संवेदनाएं जताते हुए की. उन्होंने कहा- 'मैं मोरक्को की घटना से दुखी हूं.' भारत की ओर से जी-20 शिखर सम्मेलन की थीम 'वसुधैव कुंटुंबकम' रखी गई है. इसलिए इस शिखर सम्मेलन में वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर ही 'वन अर्थ', 'वन फैमिली' और 'वन फ्यूचर' सत्र होंगे.  पीएम मोदी ने समिट का उद्घाटन करते हुए वैश्विक मुद्दों पर बात की। इस दौरान भारत की अध्यक्षता में ही जी20 में अफ्रीकी यूनियन को शामिल करने का एलान किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन के शुभारंभ की भी घोषणा की. प्रधानमंत्री मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन में कहा कि हम वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन बना रहे हैं और भारत आप सभी को इस पहल में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है. भारत ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए वैश्विक स्तर पर पहल का प्रस्ताव दिया है. जी-20 पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि हमारी अध्यक्षता का संदेश 'वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 में 20 सदस्य देशों 9 आमंत्रित देशों और 14 अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं ने हिस्सा लिया। हमारे लिए यह संतुष्टि की बात है कि अफ्रीकन यूनियन को आज भारत की अध्यक्षता में जी-20 को स्थायी सदस्यता दी गई।

#G20Summit2023#G20Summit2023DelhiinIndia#G20Summit2023Delhi,