देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारत ने श्रीलंका को 19 रनों से हराकर एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है. फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 117 रन का लक्ष्य रखा था। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 116 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने 42 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी. भारत के लिए तितास साधु ने तीन विकेट और राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट लिए। इस तरह टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबला 19 रन से जीत लिया और सोना अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। शेफाली वर्मा 15 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्मृति ने जेमिमा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रानावीरा ने तोड़ा। उन्होंने मंधाना को आउट किया। मंधाना ने 45 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। वहीं, ऋचा घोष नौ रन, दो मैचों के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर दो रन, पूजा वस्त्राकर दो रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने 40 गेदों में पांच चौके की मदद से 42 रन की पारी खेली। दीप्ति और अमनजोत एक-एक रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से उदेशिका प्रबोधनी, सुगंदिका कुमारी और इनोका रानावीरा ने दो-दो विकेट लिए।