World Cup: विश्व कप में भारतीय टीम का विजयी अभियान जारी, दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से दी मात
(स्पोर्ट्स डेस्क): विश्व कप में भारतीय टीम का विजयी अभियान जारी हैं, भारत ने 243 रन से दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत हासिल की। विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम प्वाइंट्स टेबल में नंबर-1 पर बनी हुई है, और अब नंबर वन पर ही रहेगी, क्योंकि टीम इंडिया ने अपने 8 मैचों में से सभी 8 मैचों में जीत दर्ज करके 16 अंक हासिल कर लिए हैं, और उनका अभी एक और मैच बचा हुआ है.
रविवार को खेले गये मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 326 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 101 रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने वनडे में 49वां शतक लगाया और सचिन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। श्रेयस अय्यर ने 77 और कप्तान रोहित ने 40 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एडेन मार्करम को छोड़ सभी गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 83 रन बना सकी। सबसे ज्यादा 14 रन मार्को यानसेन ने बनाए। उनके अलावा डुसेन ने 13 रन और बावुमा-मिलर ने 11-11 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।
कोहली ने 121 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। इस तरह विराट कोहली ने वनडे फॉर्मेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के नाम वनडे मैचों में 49 शतक दर्ज हैं.
#Virat Kohli On 49th ODI Hundred#Virat-Sachin#Sachin Tendulkar#CWC 2023#World Cup 2023#TeamIndia#Viratkohli#IND vs SA#CWC 2023,







