(स्पोर्ट्स डेस्क): ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई है कि चोट के चलते हार्दिक आईपीएल 2024 से बाहर हो सकते हैं. वर्ल्ड कप 2023 में हार्दिक पांड्या चोटिल हुए थे जिसके चलते उनको वर्ल्ड कप के बीच से ही हटना पड़ा था अब खबर आ रही है कि वह वर्ल्ड कप में लगी चोट से अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. भारत के बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक हार्दिक पांड्या वर्ल्ड कप 2023 के एक मैच में एंकल इंजरी के चलते बचे हुए टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. वर्ल्ड कप के बाद वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होम सीरीज में भी टीम का हिस्सा नहीं थे. इसके बाद फिट न होने की वजह से ही वह साउथ अफ्रीका दौरे पर भी नहीं जा सके. उम्मीद की जा रही थी कि वह जनवरी की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले ठीक हो जाएंगे, लेकिन पीटीआई की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि वह इस सीरीज से भी बाहर रहेंगे. अगर हार्दिक आईपीएल से बाहर हुए तो ये मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका होगा, क्योंकि मुंबई ने पहले उन्हें कैश डील में ट्रेड किया और फिर रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया. हालांकि अभी हार्दिक पांड्या को लेकर न तो बीसीसीआई और न ही मुंबई इंडियंस ने किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. 

#HardikPandya#IPL#MumbaiIndians#IPL2024#HardikPandyaInjury,