(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद पहला इंटरव्यू सामने आया है। 2023 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम का नेतृत्व रोहित शर्मा ने किया था, और लगातार 10 मैच जीतकर बेहद ही शानदार तरीके से अपनी टीम फाइनल तक लेकर गए थे. 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेले गए विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने हराया. रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के बाद कुछ दिनों का ब्रेक लिया. उन्होंंने अपने परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताया और अब वर्ल्ड कप खत्म होने के 20 दिन बाद पहली बार रोहित शर्मा ने एक इंटरव्यू दिया है. इस दौरान भी उनके चेहरे पर रौनक नहीं दिख रही थी। साफ पता चल रहा था कि, शायद अभी तक वह उस गम को छुपा नहीं पा रहे हैं।

भारतीय कप्तान ने कहा 'मैं 50 ओवर के वर्ल्ड कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं. मेरे लिए वो बड़ा तोहफा था कि मुझे इसमें खेलने का मौका मिला. हमने इस विश्व कप के लिए काफी मेहनत की और ये निराश करने वाला था. अगर आपको कुछ हासिल नहीं होता है, जिसे आप चाहते हो तो दुख होता है. जिसके लिए आप सपने देखते हो, मेहनत करते हो तो आप निराश हो जाते हो. कई बार फ्रस्ट्रेट हो जाते हो. मुझे लगता है कि हमने वो सब किया, जिसकी जरूरत थी. रोहित ने कहा कि मुझे कोई आइडिया नहींं था कि इस गम से कैसे बाहर निकले, पहले कुछ दिन तक तो मुझे पता भी नहीं था कि अब क्या करना चाहिए. उसके बाद मेरे परिवार, और दोस्तों ने मेरे लिए अच्छा माहौल बनाया, मुझे उस दुख से निकलने में मदद की. इसे (वर्ल्ड कप फाइनल की हार) को भूलना आसान नहीं होता, लेकिन जिंदगी आगे बढ़ती है, और आप भी आगे बढ़ते हैं. लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यह सच में काफी मुश्किल था. यहां से आगे बढ़ना आसान नहीं था. 

टीम इंडिया के कप्तान ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हम अपनी ओर से जितना, जो कुछ कर सकते थे, उतना वो सबकुछ किया. मुझे किसी ने पूछा था कि, आपसे क्या गलती हुई? क्योंकि हम 10 मैच जीते, और उन दस मैचों में भी हमने गलतियां की, और वैसी गलतियां हर मैच में होती है. आप कोई भी मैच बिल्कुल अच्छा नहीं खेल सकते, आप किसी मैच को बहुत अच्छा खेल सकते हैं, लेकिन बिल्कुल अच्छा नहीं खेल सकते. रोहित शर्मा ने अपनी टीम के बारे में बात करते हुए आगे कहा कि, "अगर मैं इसका दूसरा पहलू देखूं तो हमने जैसा खेला, वो सच में शानदार प्रदर्शन था, क्योंकि आप हर वर्ल्ड कप में ऐसा प्रदर्शन नहीं पाते हैं, और मुझे पूरा यकीन कि हमने फाइनल तक जैसा खेला, उससे लोगों को खुशी मिली होगी, और गर्व का एहसास हुआ होगा.

हिटमैन ने आगे कहा कि, "फाइनल मैच के बाद वापस आना और आगे बढ़ना काफी मुश्किल था, इसलिए मैंने फैसला किया कि मुझे कहीं जाना चाहिए, और अपने दिमाग को इन सबसे बाहर निकलना चाहिए. इस दौरान कई लोग मेरे पास आए, और उन्होंने हमारे टीम के प्रदर्शन की सराहना की. मुझे उन सभी लोगों के लिए बुरा महसूस होता है, क्योंकि वो सभी हमेशा हमारे साथ थे, और हमारे साथ वर्ल्ड कप जीतने का सपना देख रहे थे. हम इस वर्ल्ड कप के दौरान जहां भी गए, हमें फैन्स का बहुत ज्यादा समर्थन मिला, जो स्टेडियम आए, और जिन्होंने घर से मैच देखा, उन सभी ने हमारा भरपूर समर्थन किया.मैं उन सभी लोगों की सराहना करता हूं, जिन्होंने उन डेढ़ महीनों तक हमारा समर्थन किया, लेकिन मैं उन चीजों के बारे में जितना सोचता जाऊंगा, मुझे उतनी निराशा होती जाएगी, और फिर हम आगे नहीं बढ़ पाएंगे."

#WorldCupFinal#Cricketnews#ICC#BCCI#RohitSharma#WorldCup2023#Rohit Sharma InterviewafterWorldCup2023,,