(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी का यह तोहफा मिला है. वे आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं. साउथ अफ्रीका के कगिसो रबादा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं जबकि भारत के आर अश्विन दो पायदान नीचे खिसकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. चौथा स्थान ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस जबकि पांचवां नंबर जोस हेजलवुड को हासिल है. बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरे टेस्ट में तो वह टीम इंडिया की जीत के सूत्रधार रहे थे। विशाखापत्तनम में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में छह विकेट और दूसरी पारी में तीन विकेट लिए थे। इसी का फल उन्हें मिला है। वह फिलहाल इस सीरीज में दो मैचों में 15 विकेट लेकर शीर्ष पर हैं। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज हैं जिनको तीनों फॉर्मेट में पहला स्थान हासिल हो चुका है. वनडे क्रिकेट में इस वक्त 5वें नंबर पर काबिज इस गेंदबाज ने 2018 में टॉप पोजिशन हासिल किया था. लंबे समय से टी20 से दूर इस गेंदबाज ने साल 2017 में इस फॉर्मेट में भी टॉप रैंकिंग हासिल की थी. इससे पहले कोई भी गेंदबाज ऐसा नहीं कर सका था। इतना ही नहीं बुमराह विराट कोहली के खास क्लब में भी शामिल हो गए हैं। वह विराट के अलावा एशिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिसने तीनों प्रारूप में नंबर एक पायदान हासिल किया हो। 

#ICCRankings#JaspritBumrahRanking#ICC#BCCI#ICCTestRanking,