आरबीआई ने लगातार छठी बार रेपो को रखा बरकरार
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : आरबीआई ने लगातार छठी बार नीतिगत दर रेपो को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा है. रेपो दर को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखने का मतलब है कि होम लोन, कार लोन समेत विभिन्न लोन पर ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा. आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समीक्षा को जारी कर दिया. प्रमुख नीतिगत दर रेपो रेट में इस बार भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया और रेपो रेट को 6.5 प्रतिशत पर ही बरकरार रखा गया है. रेपो रेट के पुराने स्तर पर ही बने रहने का फायदा लोन लेने वाले ग्राहकों को मिलेगा. होम लोन, ऑटो लोन या पर्सनल लोन की ब्याज दर पहले जैसी ही रहेगी. जिस रेट पर आरबीआई की तरफ से बैंकों को लोन दिया जाता है, उसे रेपो रेट कहा जाता है. रेपो रेट बढ़ने का मतलब है कि बैंकों को आरबीआई से महंगे रेट पर कर्ज मिलेगा. इससे होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन आदि की ब्याज दर बढ़ जाएगी, जिससे आपकी ईएमआई पर सीधा असर पड़ेगा.
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की मीटिंग के मिनट्स का एलान करते हुए देश की रियल जीडीपी को लेकर अच्छा अनुमान दिया है. इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत है, ये लगातार ग्रोथ के रास्ते पर आत्मविश्वास से भरी प्रगति कर रही है. उन्होंने कहा कि इस बार की बैठक में विस्तार से चर्चा के बाद एमपीसी ने फैसला किया है कि रेपो रेट को अभी 6.5% पर ही स्थिर रखा जाए। छह में से पांच सदस्य इसके समर्थन में रहे।
#RBIMPC#RBI#RBIGovernor#RBIMPCMeeting,







