ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा अंडर-19 विश्व कप चैंपियन बनने का भारत का सपना
(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारतीय टीम अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई है. पिछले दिनों रोहित शर्मा की कप्तानी वाली सीनियर टीम वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हारी थी. ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हराया था. अब ऑस्ट्रेलिया ने अंडर19 वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया का सपना तोड़ दिया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रन पर सिमट गई। अंडर-19 विश्व कप में यह ऑस्ट्रेलिया का चौथा खिताब है। इससे पहले वह 1988, 2002 और 2010 में भी खिताब जीत चुके हैं। 14 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता है। भारत पांच बार की चैंपियन है। उसने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में खिताब पर कब्जा जमाया था। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के लगातार दूसरा अंडर-19 विश्व कप जीतने के इरादे को भी ध्वस्त कर दिया। अब तक सिर्फ पाकिस्तान ही लगातार दो बार अंडर-19 विश्व कप जीत पाई है। उन्होंने 2004 और 2006 में ऐसा किया था।
टीम इंडिया के सामने 254 रनों का टारगेट था. लेकिन भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रनों पर सिमट गई. इस तरह टीम इंडिया को 79 रनों से हार का सामना करना पड़ा. ऑस्ट्रेलिया के 253 रनों के जवाब में भारतीय टीम की शुरूआत खराब रही. भारत को पहला झटका 3 रनों के स्कोर पर लगा. अर्शिन कुलकर्नी 3 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद लगातार विकेट आउट होने का सिलसिला जारी रहा. भारत के टॉप-6 बल्लेबाज 91 रनों तक पवैलियन का रूख कर गए. हालांकि, इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया था. भारत ने बांग्लादेश के अलावा आयरलैंड, अमेरिका, न्यूजीलैंड, नेपाल और साउथ अफ्रीका को हराया. इस तरह टीम इंडिया ने लगातार 6 मैच जीते, लेकिन फाइनल में हार का सामना करना पड़ा.
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में तीसरी बार आमने-सामने थीं। इससे पहले 2012 और 2018 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में हराया था। 2012 में उन्मुक्त चंद और 2018 में पृथ्वी शॉ भारतीय टीम के कप्तान थे। यह पहली बार है जब अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में कंगारुओं ने टीम इंडिया को शिकस्त दी है।
#U19WorldCup2024#ICC#WorldCup2024#INDVSAUS#INDvsAUSFinal,







