मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की हालत में सुधार, पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल
(बॉलीवुड डेस्क): अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत शनिवार को खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शुरुआती उपचार के बाद अभिनेता की सेहत में सुधार आया और फिलहाल वे ठीक हैं। कोलकाता में बांग्ला फिल्म 'शास्त्री' की शूटिंग के दौरान मिथुन ने अचानक बेचैनी व सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। शनिवार को उनके एमआरआइ, रेडियोलाजी समेत कई टेस्ट हुए थे। शनिवार को ब्रेन स्ट्रोक के बाद मिथुन को कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। रविवार को चिकित्सकों ने बताया था कि मिथुन लगभग स्वस्थ हो गए हैं, कुछेक जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया जाएगा। रविवार को ही नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने भी अस्पताल में जाकर उनसे मुलाकात की थी। कई अन्य नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मिथुन को फोन करके उनका हालचाल जाना। मालूम हो कि मिथुन भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारी कमेटी के सदस्य भी हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार भी इस दिन अस्पताल जाकर मिथुन से मिले। मिथुन की सेहत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने लगे। अस्पताल की ओर से बयान जारी कर लोगों को उनका हेल्थ अपडेट दिया गया। हालत में सुधार होने के बाद मिथुन ने शाम को पत्नी से फोन पर बातचीत भी की थी। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं, जहां उनकी हालत सामान्य है।
3Bollywoodnews#MithunChakraborty#Entertainmentnews,,#Dehradun







