एनडीए की बैठक में नरेंद्र मोदी को चुना गया संसदीय दल का नेता
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): नरेंद्र मोदी को नेता चुनने के लिए आज (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) यानी एनडीए के नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक हुई. इस बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया. इस दौरान नरेंद्र मोदी ने भारत के संविधान को अपने माथे से लगाया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से राजग संसदीय दल का नेता चुन लिया गया। इसके बाद राजग के नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद मोदी रविवार को लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। पुराने संसद भवन में एनडीए संसदीय दल की बैठक में राजनाथ सिंह ने नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखा. इस दौरान सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास किया गया. प्रस्ताव के बाद सभी नेताओं ने ध्वनि मत से मोदी को अपना नेता चुन लिया।प्रस्ताव के दौरान टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहे. वहीं नीतीश कुमार ने जेडीयू की तरफ से नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन दिया. उन्होंने कहा,'10 साल से ये प्रधानमंत्री हैं. फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. पूरे देश की सेवा है पूरा भरोसा है जो कुछ भी बचा है अगली बार ये सब पूरा कर देंगे, जो भी राज्य का है. हमलोग पूरे तौर पर सब दिन इनके साथ रहेंगे.
इससे पहले इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी को अपना नेता चुनने के लिए यहां पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित एनडीए नेताओं से जोशी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 9 जून को शाम 6 बजे होगा। एनडीए सांसदों के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद थे। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि जो साथ विजय होकर आए हैं, वो सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं। जिन लाखों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया है, उन लोगों ने न दिन देखा, न रात देखी। इतनी भयंकर गर्मी में हर दल के कार्यकर्ता ने जो पुरुषार्थ, परिश्रम किया है, मैं आज संविधान सदन से उन्हें सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं।
#NDAMeet#PMMODI#NDAGovtFormation#NDAMeeting,






