(स्पोर्ट्स डेस्क):   मोहाली में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट का पहला दिन मेज़बान टीम के नाम रहा. भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 357 रन बना लिए हैं. भारत के लिए ऋषभ पंत ने शानदार पारी खेली. हालांकि, वह शतक बनाने से चूक गए. उन्होंने 9 चौके और चार छक्कों की बदौलत 96 रन बनाए.  पहले दिन कुल 85 ओवर का खेल हुआ. स्टम्प्स के समय रविंद्र जडेजा 45* और रविचंद्रन अश्विन 10 रनों पर नाबाद लौटे. श्रीलंका के लिए लसिथ एम्बुलडेनिया ने दो विकेट चटकाए. उन्होंने विराट कोहली और मयंक अग्रवाल को आउट किया. वहीं सुरंगा लकमल, धनंजय डी सिल्वा, लाहिरु कुमारा और विश्वा फर्नांडो को एक-एक सफलता मिली.  टीम इंडिया के 33 वर्षीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा. दरअसल कोहली आज श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में उतरते ही भारतीय टीम के लिए टेस्ट प्रारूप में 100 मैच खेलने वाले 12वें खिलाड़ी बन गए हैं. बात करें आज के मुकाबले में विराट कोहली के प्रदर्शन के बारे में तो उन्होंने टीम के लिए 76 गेंदों का सामना करते हुए 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. हालांकि वह महज पांच रन से अपने 29वें अर्धशतक से चूक गए. 

#Bcci, #Indiancricket, #Viratkohli, #IPL, #Cricket, #virat100test,