(स्पोर्ट्स डेस्क) : पेरिस पैरालंपिक 2024 में 29 पदक जीतने वाले भारत के पैरालंपिक पदक विजेताओं का मंगलवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया। आज सुबह जब खिलाड़ी हवाई अड्डे से बाहर निकले तो ढोल की थाप और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहे। उन्होंने मालाएं पहनाईं और प्रशंसकों ने पेरिस में तिरंगा लहराने के लिए आभार जताया। यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सबसे बेस्ट प्रदर्शन रहा है। भारतीय एथलीटों ने पूरी दुनिया में भारत नाम ऊंचा किया है।
भारत ने पेरिस पैरालंपिक में अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और सात स्वर्ण सहित कुल 29 पदक अपने नाम किए थे। जिसमें सात स्वर्ण के अलावा नौ रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत के लिए पेरिस पैरालंपिक सबसे सफल पैरालंपिक साबित हुआ है। टोक्यो पैरालंपिक 2020 इससे पहले भारत का सबसे सफल पैरालंपिक रहा था। उसमें भारत ने 54 एथलीट्स भेजे थे और 19 पदक जीतने में कामयाब रहे थे। वही पेरिस पैरालंपिक में भारत ने 84 खिलाड़ियों का दल भेजा था जो खेलों के लिए देश का अब तक का सबसे बड़ा दल था। देश ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण पदक सहित कुल 29 पदक जीते। वही खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए मंगलवार को नकद पुरस्कार की घोषणा की. स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये दिए जाएंगे. मिक्स्ड टीम इवेंटों में जीतने वालों को 22.5 लाख रुपए मिलेंगे। उन्होंने पदक विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की।

#Paralympics #ParisParalympics #ParisParalympics2024,