खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और उनका बेटा सहित कई अन्य नेता मौजूद रहें. बता दें कि वायनाड उपचुनाव में प्रियंका गांधी का सामना भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास से होने वाला है। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ने एक रोड शो भी किया. राहुल गांधी के अलावा प्रियंका के इस रोड शो में उनकी मां सोनिया गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे। रोड-शो में प्रियंका गांधी ने लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा, पिछले 35 सालों से मैं अलग-अलग चुनावों के लिए प्रचार कर रही हूं। यह पहली बार है जब मैं आपके समर्थन की मांग अपने लिए कर रही हूं। यह एक बहुत ही अलग एहसास है। मैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे वायनाड से उम्मीदवार बनने का सौभाग्य दिया। मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने के लिए उम्मीदवार के तौर पर चुने जाने के बाद सम्मानित महसूस कर रही हूं. अपने रोड शो में प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं वायनाड जिले में भूस्खलन के समय यहां के लोगों द्वारा दिखाए गए साहस से बहुत प्रभावित हुई हूं. उन्होंने आगे कहा, सत्य और अहिंसा ने मेरे भाई (राहुल गांधी) को एकता और प्रेम के लिए देशभर में 8000 किमी पैदल चलने के लिए प्रेरित किया। जब पूरी दुनिया उनके खिलाफ थी, तब आप उनके साथ खड़े थे। मेरे भाई को लड़ने के लिए आपलोगों ने साहस दिया। मेरा पूरा परिवार आपका कर्जदार है। मुझे मालूम है कि उसे (राहुल गांधी) आपलोगों को छोड़ना पड़ा और मैं आपसे वादा करती हूं कि मैं आपके और उसके बीच के संबंधों को मजबूत करूंगी।

#PriyankaGandhiWayanadElection #PriyankaGandhi #Congress #RahulGandhi,