खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारतीय मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आज चक्रवात और भीषण तूफान आने की आशंका के चलते चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान दाना का असर ओडिशा, बंगाल सहित 10 राज्यों में दिख रहा है. कई जगहों पर तेज हवाएं चल रही हैं और कई जगह तेज बारिश भी हो रही है. आज रात से कल सुबह तक समुद्र तट से इसके टकराने की आशंका जताई जा रही है. ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर दाना तूफा के गंभीर प्रभाव की आशंका के मद्देनजर भारतीय नौसेना मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान चलाने की तैयारी कर रही है. चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के मद्देनजर अधिकारियों ने गुरुवार को श्रद्धालुओं को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में न जाने की सलाह दी तथा 12वीं शताब्दी के इस मंदिर पर आपदा के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए तैयारियां तेज कर दीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग बताया कि तूफान ‘दाना’ के शुक्रवार को तड़के तटीय क्षेत्र पर पहुंचने के दौरान पुरी जिले में 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दाना तूफान को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, "हम अब संकट की घड़ी में हैं. चक्रवात दाना निकट आ रहा है, लेकिन बंगाल में हमने कई तूफानों का सामना किया है और इसका भी सामना आत्मविश्वास और धैर्य के साथ करेंगे. बंगाल एक साथ खड़ा होगा और हम जीतेंगे. मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, कृपया सरकार और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी सभी निर्देशों का पालन करें. राज्य सरकार और भारत सरकार की सभी आपदा प्रबंधन मशीनरी अच्छी तरह से तैयार है.

चक्रवाती तूफान दाना के मद्देनजर भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम से उड़ानों का परिचालन 16 घंटों के लिए निलंबित रहेगा. एयरपोर्ट प्रशासन ने बयान में कहा है कि तूफान दाना के कारण 24 अक्टूबर को शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे तक हवाई अड्डे का परिचालन निलंबित रहेगा. ओडिशा में 10 लाख लोग तटीय इलाकों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर भेजे गए. ओडिशा में 6 हजार राहत शिविर बनाए गए हैं. यहां सभी स्कूल-कॉलेज कल तक के लिए बंद रहेंगे. पश्चिम बंगाल में 26 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे. चक्रवाती तूफान दाना की भीषणता को देखते हुए भारतीय नौसेना ने भी मानवीय बचाव अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। नौसेना की ईस्टर्न नेवल कमांड ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के प्रभारी अधिकारियों के साथ मिलकर अभियान चलाएगी, जिसमें नौसेना राहत और बचाव कार्यों में मदद के साथ ही राज्यों को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराएगी। चक्रवाती तूफान दाना के चलते पुरी के समुद्र तट पर ऊंची-ऊंची लहरे उठ रही हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पुरी के तट से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन हालात को देखते हुए पूरी मुस्तैदी बरत रहा है। वहीं भद्रक जिले में तेज हवाएं चल रही हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। 

#DanaCyclone #CycloneDana,