(स्पोर्ट्स डेस्क): न्यूजीलैंड की टीम ने इतिहास रचते हुए भारत को 113 रन से हरा दिया है. कीवियों ने इसी के साथ ही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज पर कब्जा जमाते हुए 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है. न्यूजीलैंड की टीम पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीतने में सफल हुई है. भारत की यह हार ऐतिहासिक भी है क्योंकि साल 2012 के बाद टीम इंडिया लगातार 18 घरेलू सीरीज जीत चुकी थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने इस सिलसिले को समाप्त करके इतिहास रच डाला है. 1955 से न्यूजीलैंड की टीम भारत का दौरा कर रही है, लेकिन कभी भी उसने यहां कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती थी. हालांकि अब वक्त बदल गया है. न्यूजीलैंड की युवा टीम ने टॉम लैथम की कप्तानी में 69 साल का सूखा खत्म करते हुए इतिहास रच दिया है. 69 साल में पहली बार कीवी टीम ने भारत को भारत में ही टेस्ट सीरीज में धूल चटाई है. भारत की यह 2012 के बाद अपने घर में पहली सीरीज है। न्यूजीलैंड साल 2000 से लेकर अब तक भारत में टेस्ट सीरीज जीतने वाली चौथी टीम है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने ऐसा किया था। इसी के साथ टीम इंडिया का अपने घर में लगातार सबसे ज्यादा 18 सीरीज जीत का सिलसिला भी टूट गया। इस टेस्ट सीरीज पर कब्जा करने के साथ ही न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम का विजय रथ भी रोक दिया है। दरअसल, भारतीय टीम पिछली 18 सीरीज से घर में हारी नहीं थी। साल 2012 से उसका ये विजय रथ जारी था जिस पर अब न्यूजीलैंड ने फुल स्टॉप लगा दिया है। 

इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी. हालांकि कीवी टीम 259 के स्कोर पर सिमट गई थी, लेकिन जब भारत बल्लेबाजी करने आया तो यह भी बहुत विशाल स्कोर प्रतीत हो रहा था. टीम इंडिया की पहली पारी महज 156 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 255 रन बनाए और भारत के सामने 359 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में टीम इंडिया की दूसरी पारी 245 रन पर सिमट गई। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 77 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 42 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 25+ का आंकड़ा नहीं छू सका। कप्तान रोहित शर्मा आठ रन, शुभमन गिल 23 रन, विराट कोहली 17 रन, ऋषभ पंत खाता खोले बिना, सरफराज खान नौ रन और रविचंद्रन अश्विन 18 रन बनाकर आउट हुए। आकाश दीप एक रन बना सके और जसप्रीत बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

#INDvsNZ2ndTest #TestCricket #BCCI #Teamindia #IndiavsNewZealand,