संभल हिंसा: अब तक 27 गिरफ्तार, सात एफआईआर दर्ज, पोस्टर जारी
लखनऊ. खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): यूपी के संभल की हिंसा अभी ठंडी नहीं हुई है लेकिन इस राजनितिक आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी हैं . एक तरफ प्रशासन ने घटना में शामिल उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की है। वहीं दूसरी तरफ सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी कर पूछा है जिन्होंने बवाल शुरू किया और जो पहले पहल फसाद की वजह बने, उनकी तस्वीरें कब लगेंगी? सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को संभल हिंसा को लेकर एक तस्वीर जारी की है जिसमें सुप्रीमकोर्ट के अधिवक्ता विष्णु जैन के साथ अन्य लोग भी दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा कि जिन्होंने बवाल शुरू किया और जो पहले पहल फसाद की वजह बने, उनकी तस्वीरें कब लगेंगी? संभल में 24 नवंबर को हुए पथराव और हिंसा के मामले में पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान फरहत के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हिंसा के संबंध में अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 25 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। घटना को लेकर सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस पथराव में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पुलिस- प्रशासन और स्थानीय लोग घायल हुए हैं। संभल में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार सुरक्षा बल तैनात हैं। इससे पहले वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने दावा किया था कि हिंसा के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क, एसपी मीडिया सेल और ज्ञानवापी मस्जिद समिति के सचिव पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।
#SambhalViolence #UPNews #Lucknownews #Sambhal,







