पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत के सख्त रुख से पाकिस्तान घबराया !
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत के सख्त रुख से पाकिस्तान घबराया हुआ है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या की किसी भी "निष्पक्ष और पारदर्शी" जांच में शामिल होने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हर तरह के आतंकवाद की निंदा करता है और खुद भी आतंकवाद का शिकार रहा है. हालांकि खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश करते हुए शरीफ ने कहा कि हम किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं। पाकिस्तान के कई नेता भड़काऊ बयानबाजी कर चुके हैं, लेकिन पीएम के बयान से साफ है कि पाकिस्तान गीदड़भभकी भले ही दिखा रहा है, लेकिन भीतर से उसे भी भारत के हमले का डर है। शहबाज शरीफ ने कहा कि भारत बिना किसी विश्वसनीय जांच या सत्यापन योग्य सबूत के आधारहीन और झूठे आरोप पाकिस्तान पर लगा रहा है. पाकिस्तानी पीएम ने कहा, एक जिम्मेदार देश के रूप में अपनी भूमिका को जारी रखते हुए, पाकिस्तान किसी भी निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच में भाग लेने के लिए तैयार है.
पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. नई दिल्ली ने इस्लामबाद के खिलाफ कई सख्त कूटनीतिक और रणनीतिक कदम उठाए हैं. इनमें 1960 के सिंधु जल समझौते को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने, अटारी इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट को बंद करने, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, जैसे कई कदम उठाए हैं. भारत के इन फैसलों के बाद पाकिस्तान ने शिमला समझौते को स्थगित करने और भारतीय उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने जैसे कुछ कदम उठाए हैं. बीती 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हमले के पीछे लश्कर ए तैयबा के सहयोगी संगठन टीआरएफ का हाथ बताया जा रहा है।
#Pakistannews #PahalgamTerrorAttack #PahalgamAttack,







