खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है. इस बीच केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को भारत में ब्लॉक कर दिया है. चैनल पर अब यह संदेश दिख रहा है- 'यह सामग्री राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े सरकारी आदेश के कारण इस देश में उपलब्ध नहीं है।'भारत सरकार ने पाकिस्तान के प्रधानमत्री शहबाज शरीफ, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, मरयम नवाज, बिलावल भुट्टो समेत पाकिस्तान के कई नेताओं और मंत्रियों का भी इंस्टाग्राम भारत में बैन किया है. सरकार ने न केवल पाकिस्तानी राजनीतिक नेताओं के अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई की है, बल्कि खिलाड़ियों, सोशल मीडिया प्रभावितों और समाचार चैनलों के खिलाफ भी कार्रवाई की है.

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में, जिसमें 26 नागरिकों की मौत हो गई थी, सरकार ने पाकिस्तान से आने वाली गलत सूचनाओं और भारत विरोधी प्रचार का मुकाबला करने के लिए अपने प्रयासों को तेज कर दिया है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक करने का आदेश दिया है, जो भारत की संप्रभुता और सार्वजनिक व्यवस्था को कमजोर करने के उद्देश्य से भ्रामक सामग्री का प्रसार करते पाए गए थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को कठोर सजा देने की कसम खाई है. उन्होंने आतंकियों और उसके पनाहगारों को कल्पना से बड़ी सजा देने की बात कही. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आतंकियों को चुन-चुन कर मारने की बात कह चुके हैं. 

#ShehbazSharifYouTubechannelBan,