खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : राजस्थान के बीकानेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. बीकानेर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने करणी माता मंदिर में पूजा अर्चना की. पीएम मोदी ने 83 जिलों के 103 अमृत भारत स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन किया. वही पहलगाम हमले के एक महीने के बाद बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा की 22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए. दुनिया और देश के दुश्मनों ने भी देखा कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है. हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी थी. सेना ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. देश ने आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था.
पीएम मोदी ने कहा यह बदले का खेल नहीं है, बल्कि न्याय का नया तरीका है। इसे ऑपरेशन सिंदूर कहते हैं। यह गुस्सा नहीं, बल्कि एक मजबूत भारत की ताकत है। ये भारत का नया रूप है। पहले दुश्मन घर में घुसकर हमला करता था, अब हमने सीधा सीने पर प्रहार किया है। पीएम मोदी ने कहा कि चुरू में मैंने कहा था कि एयर स्ट्राइक के बाद मैंने इस मिट्टी की कसम ली है कि मैं देश को कभी मिटने नहीं दूंगा और देश को कभी झुकने नहीं दूंगा। आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़े आदर के साथ कहना चाहता हूं कि पूरे देश में तिरंगा यात्राएं चल रही हैं। जो लोग देश की मिट्टी को मिटाने की सोच रहे थे, उन्हें हम मिट्टी में मिला चुके हैं। जो लोग हिंदुस्तान का खून बहा रहे थे, उनका हिसाब हमने लिया है। जो सोचते थे कि भारत चुप रहेगा, आज वे डर के मारे अपने घरों में छुपे हुए हैं। जो अपनी ताकत पर घमंड करते थे, वे आज मलबे के नीचे दबे हैं।

पीएम मोदी ने कहाऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से लड़ने के तीन नियम बनाए हैं। पहला, अगर भारत में कोई आतंकी हमला करेगा तो उसे तेज और कड़ा जवाब मिलेगा। इसे देश के खिलाफ युद्ध माना जाएगा और जवाब देने का समय सेना तय करेगी। दूसरा, भारत परमाणु धमकी से डरने वाला देश नहीं है। तीसरा, आतंकवादी और उन्हें समर्थन देने वाली सरकार को एक समान माना जाएगा। पाकिस्तान अपना ‘स्टेट’ और ‘नॉन-स्टेट’ वाला खेल नहीं चला पाएगा। पूरी दुनिया में अलग-अलग सात प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की सच्चाई दुनिया के सामने रखेंगे। पाकिस्तान का असली चेहरा सबके सामने आएगा।

#opretionsindoor #PMModiBikanerVisit ##PMModi,