खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा हैं. देश की आजादी के 79वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार लालकिले पर ध्वजारोहण किया। पीएम मोदी ने लालकिले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भर भारत, जीएसटी में बदलाव समेत तमाम मुद्दों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि साल 2023 में दिए गए 98 मिनट का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया. साल 2023 में पीएम मोदी ने 98 मिनट का भाषण देकर सबसे लंबा स्वतंत्रता दिवस भाषण देने का रिकॉर्ड भी बनाया था, जिसे उन्होंने इस बार 2025 एक बार फिर तोड़ दिया. इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 103 मिनट और 20 सेकेंड तक देश को संबोधित देकर नया कीर्तिमान स्थापित किया. सबसे ज्यादा लगातार भाषण देने का रिकॉर्ड अब भी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम है, जिन्होंने 1947 से 1963 तक 17 बार लगातार संबोधन दिया. मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक लगातार 11 बार भाषण दिए थे. लाल बहादुर शास्त्री ने 2 बार, मोरारजी देसाई और पीवी नरसिम्हा राव ने 4-4 बार और अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 बार भाषण दिए.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में ऐसी तबाही हुई है कि उसकी नींद उड़ी हुई है. अगर दुश्मनों ने आगे भी कोई हिमाकत की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा तथा भारत अब ‘न्यूक्लियर ब्लैकमैल' नहीं सहेगा. पीएम मोदी ने कहा कि भारत 'सुदर्शन चक्र' मिशन लॉन्च करेगा. 'सुदर्शन चक्र' दरअसल एक पावरफुल वेपन सिस्टम होगा, जो देश के रक्षा कवच का काम करेगा. यह अहम सामरिक स्थलों ही नहीं, सिविल इलाकों के ऊपर भी रक्षा ढाल की तरह काम करेगा. अगले 10 सालों के भीतर ये स्वदेसी प्लेटफॉर्म तैयार होगा. पीएम मोदी ने कहा, ये न केवल सुरक्षा चक्र का काम करेगा बल्कि दुश्मन के हमले नाकाम कर पलटवार भी करेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगले 10 साल यानी 2035 तक देश के प्रमुख स्थलों, सामरिक और नागरिक क्षेत्रों और धार्मिक केंद्रों को टेक्नोलॉजी के नए प्लेटफॉर्म से सुरक्षा का कवच दिया जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने सुदर्शन चक्र से सूर्य के प्रकाश को रोक दिया था. जिससे दिन में अंधेरा छा गया था. तब अर्जुन ने जयद्रथ के वध की जो शपथ ली थी, उसे उन्होंने पूरा किया था. देश इसी से प्रेरणा लेकर सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेगा. 

#IndependenceDay #15August #PMModi,