देहरादून, खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में उधेड़ते हुए 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया. एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अकेले ही पाकिस्तान की धज्जियां उड़ाते हुए भारत के करोड़ों फैंस को खुश होने का मौका दिया। भारत की इस जीत पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने बधाई दी है.
भारत को जीतना तय है, चाहे कोई भी मैदान हो'
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि खेल के मैदान पर #ऑपरेशन सिंदूर, नतीजा वही भारत जीत गया. हमारे क्रिकेटरों को बधाई. गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पोस्ट में लिखा एक अद्भुत जीत. हमारे लड़कों की जबरदस्त ऊर्जा ने प्रतिद्वंद्वियों को एक बार फिर धूल चटा दी. उन्होंने आगे कहा कि भारत को जीतना तय है, चाहे कोई भी मैदान हो.
भारत ने इससे पहले एशिया कप के ग्रुप चरण और सुपर चार चरण के मैच में पाकिस्तान को हराया था। भारत ने इस टीम के खिलाफ पहला मैच सात विकेट से जीता था, जबकि सुपर चार चरण का मैच छह विकेट से अपने नाम किया था। पड़ोसी देश की टीम को सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने लगातार तीसरे रविवार को शिकस्त दी।  भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की मदद से पाकिस्तान की पारी 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने 53 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए जीत का चौका रिंकू सिंह ने लगाया। रिंकू के चौका लगाते ही ड्रेसिंग रूम में भारतीय सदस्य और मैदान पर दर्शक खुशी से झूम उठे। मुख्य कोच गौतम गंभीर भी अपना जोश नियंत्रण में नहीं रख सके। जूझारू पारी खेलने वाले तिलक ने खुशी में बल्ला लहराया और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक बार फिर मुंह लटका कर खड़े रहे। एशिया कप की प्रेजेंटेशन सेरेमनी के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए. सूर्यकुमार ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में एक बड़ा फैसला लिया. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप की पूरी मैच फीस भारतीय सेना के लिए दे दी.

#AsiaCup2025 #Final #BCCI #ICC #Teamindia,