मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)।  तीसरी बार जीतकर विधायक एवं दोबारा योगी सरकार में मंत्री बने कपिल देव अग्रवाल का जगह-जगह लगातार भव्य स्वागत समारोह आयोजित हो रहा है। इसी कड़ी में मूलचंद रिजॉर्ट में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस  स्वागत समारोह में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के जीवन परिचय को बचपन से मंत्री बनने तक एलइडी पर प्रसारित कर मेहमानों को दिखाया गया और उनके विकास कार्यों को जनता को बताया गया। कार्यक्रम में मेहमानों द्वारा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया । मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने यह जीत जनता की जीत बताते हुए कहा कि मैं धन्यवाद अदा करके इसे छोटा नहीं करना चाहता, आप लोगों का एहसान, आप लोगों का कर्ज, आप लोगो की जिम्मेदारियां, आप लोगों ने जो मुझे प्यार मान सम्मान दिया है, वह मैं जिंदगी भर भूलूंगा नहीं और यह आपका कर्ज हमेशा मेरे सर के ऊपर रहेगा। आप लोगों ने जो मान सम्मान प्यार मुझे दिया है, इस प्यार को देखकर मैं अभिभूत हो उठा हूं और मैं हमेशा तन मन धन से आपके साथ खड़ा रहूंगा। मैं आपको वादा करता हूं कि मुजफ्फरनगर की जनता के ऊपर जो नजर गलत उठेगी, जो हाथ गलत उठेंगे, जो लोग परेशान करेंगे या जो लोग मुजफ्फरनगर की जनता का प्रताडऩा करेंगे, हम उन हाथों को रोकने का काम और गुंडा तत्वों और असामाजिक तत्वों को रोकने का काम करेंगे। जनता की सेवा करने के लिए और जनता की कसौटी पर खरा उतरने की 100  प्रतिशत सफलता पूरी करूंगा। आप सब लोग मेरा परिवार है, मेरे घर के दरवाजे व मेरा मोबाइल फोन 24 घंटे खुला है, जब जिसको जहां जरूरत हो, कोई परेशानी हो, वह मेरे पास फोन कर सकता है, वह मेरे घर आकर बता सकता है, मिल सकता है, मैं हमेशा आपके लिए 24 घंटे मौजूद रहूंगा। शहर के विकास के लिये लगातार काम मिल बैठकर करते रहेंगे।